KhabarNcr

रक्तदान से उत्तम सेवा कोई नहीं: भारत अशोक अरोड़ा

  • जिला फरीदाबाद में ‘वृक्षारोपण – एक पहल सोशल फाउंडेशन’ द्वारा विशाल रक्तदान शिविर आयोजित*

पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट/फरीदाबाद: जिला फरीदाबाद में ‘वृक्षारोपण – एक पहल सोशल फाउंडेशन’ के तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामाजिक क्षेत्र के दो प्रमुख व्यक्तित्वों, सोनू झांब और डॉ. हेमंत अत्री के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ। इस नेक कार्य का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

शिविर का मुख्य आकर्षण ‘मेरे रक्तवीर’ थे, जिन्हें मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस मानवीय कार्य में योगदान देने के लिए उमड़ पड़े।

आज आयोजित विशाल रक्तदान शिविर के अवसर पर जाने-माने समाजसेवी भारत अशोक अरोड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से शिविर का मनोबल बढ़ाया तथा स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके इस कदम से उपस्थित युवाओं और आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में भारत अशोक अरोड़ा ने कहा कि “रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजनों से न केवल जरूरतमंदों की सहायता होती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी सुदृढ़ होती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज के शिविर में जिस प्रकार का उत्साह देखने को मिला, वह इस बात का प्रमाण है कि फरीदाबाद के लोग समाजसेवा के प्रति सदैव जागरूक और तत्पर हैं। अरोड़ा ने शिविर के सफल आयोजन के लिए सोनू झांब एवं डॉ. हेमंत अत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अत्यंत प्रशंसनीय पहल बताया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नियमित रक्तदान करने से न केवल जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है, बल्कि रक्तदाता के हृदय स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

समाज सेवी भारत अशोक अरोड़ा ने आमजन से अपील की कि वे ऐसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं, जिससे समाज में मानवता और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।।🙏🌹

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.