हजारों दीप जलाकर एक दीप बुझ गया, सबको राह दिखा कर ईश्वर की लौ में मिल गया
पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट/फरीदाबाद: आर्य समाज नेहरू ग्राउण्ड एवं आर्य केन्द्रीय सभा (नगर निगम क्षेत्र) फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि दयानन्द सरस्वती का निर्वाण उत्सव दिवस पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर एक विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें विश्व कल्याण, सुख और शांति की कामना की गई। यज्ञ के ब्रह्मा के रूप में मानस कुमार शास्त्री और पंकज शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां डलवाईं।

कार्यक्रम में के. एल. मेहता दयानन्द विद्यालय के विद्यार्थियों तथा अध्यापिकाओं द्वारा सुंदर भजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यालय के बच्चों ने महर्षि दयानंद के जीवन और सिद्धांतों पर अपने विचार भी रखे। भजनों व ज्ञानवर्धक प्रवचनों के माध्यम से महर्षि दयानंद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने समाज सुधार, महिला शिक्षा, अंधविश्वास उन्मूलन तथा वेदों की ओर लौटो के पावन ज्ञान को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश देने वाले महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती का राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

इतिहास को रेखांकित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि 30 अक्टूबर 1883 को अजमेर की भिनाय कोठी में दीपावली की शाम महर्षि दयानंद ने “ईश्वर तेरी इच्छा पूर्ण हो” कहते हुए अपनी नश्वर देह का त्याग किया था। उनके इसी सर्वोच्च बलिदान से प्रेरित होकर पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी जैसे महान विद्वानों ने वेद ज्ञान के प्रचार-प्रसार का आजीवन संकल्प लिया था।
![]()
कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यापिकाओं के साथ-साथ रविंद्र गुप्ता, जितेंद्र सरल और रुक्मणी टुटेजा ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महर्षि दयानंद शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष आनंद मेहता ने कार्यक्रम में पधारे विशिष्ट अतिथियों का ‘ओम्’ पट्टिका पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया। मंच का कुशल संचालन मीना चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर देशबंधु आर्य, आनंद स्वरूप चावला, वसु मित्र सत्यार्थी, जितेंद्र सरल, अजीत आर्य, योगेंद्र फोर, कुलभूषण सखुजा, मानस शास्त्री, शिवकुमार टुटेजा, रविंद्र गुप्ता, धन सिंह गुप्ता, सत्य प्रकाश अरोड़ा, कर्मचंद शास्त्री, संजय खट्टर, रामबीर नाहर, अनीता कांत, नीलम कालिया, प्रेमलता गुप्ता, सुषमा वधवा सहित विभिन्न आर्य समाजों के प्रतिनिधि तथा के. एल. मेहता शिक्षा संस्थान की अध्यापिकाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर आर्य केन्द्रीय सभा (नगर निगम क्षेत्र फरीदाबाद) के प्रधान देशबंधु आर्य और महर्षि दयानंद शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष आनंद मेहता ने सभी आगंतुकों व सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
