पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट/फरीदाबाद: विजय रामलीला कमेटी, मार्केट नंबर-1 में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी भारत अशोक अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जन्म, ऋषि विश्वामित्र के दशरथ दरबार पहुंचने और ताड़का वध सहित रामायण के विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया।

रामलीला में भगवान विष्णु के माता कौशल्या को विराट स्वरूप में दर्शन देने का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद भगवान श्रीराम सहित चारों भाइयों के जन्म की खुशियां मनाई गईं। वहीं, ऋषि विश्वामित्र द्वारा राजा दशरथ से राम और लक्ष्मण को मांगने तथा ताड़का वध के प्रसंग ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
![]()
ताड़का वध के दौरान पंजाबी भाषा में प्रस्तुत स्यापे और पंडित रघुनाथ शर्मा के हास्यपूर्ण टप्पों ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। इस प्रसंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में माता सीता द्वारा धनुष उठाने और राजा जनक द्वारा स्वयंवर की घोषणा का दृश्य प्रस्तुत किया गया।
विजय रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मुख्य अतिथि भारत अशोक अरोड़ा को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
