पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट/फरीदाबाद: कमला नेहरू पब्लिक स्कूल, एजीएम नगर में दीपावली का पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सांस्कृतिक एवं आनंद मेले (फूड फेस्ट) का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में वसु मित्र सत्यार्थी, सुरेश गुलाटी, सत्य भूषण आर्य और पवन शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथि वसु मित्र सत्यार्थी ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए उच्च स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की दिल खोलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को अपनी संस्कृति और सनातन संस्कारों से जोड़ना बेहद सराहनीय कदम है, जिसके लिए विद्यालय प्रबंधन बधाई का पात्र है। उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।
![]()
उत्सव की शुरुआत में स्कूल के बच्चों ने पारंपरिक गीतों, मनमोहक नृत्यों और लघु नाटिकाओं के माध्यम से दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को जीवंत कर दिया। विशेष रूप से छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए रामायण मंचन और भव्य राम दरबार की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान पूरा स्कूल परिसर दीयों की रोशनी, रंग-बिरंगी झालरों और सुंदर कलात्मक रंगोलियों से सजकर दीपावमयी आभा से सराबोर दिखा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ बच्चों के मनोरंजन के लिए कई रोमांचक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। मेले का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल्स रहे। आत्मनिर्भरता का परिचय देते हुए विद्यार्थियों ने खुद भेलपुरी, गोलगप्पे, गर्मा-गरम पॉपकॉर्न और मोमोज जैसे लजीज व्यंजन तैयार किए और उनके स्टॉल लगाए, जिसका सभी आगुंतकों ने स्वाद लिया।
इस भव्य उत्सव के अवसर पर आलोक पाराशर, वाइस प्रिंसिपल ममता पाराशर, एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर सिंधु, शिक्षिका मंजू, भारती, हेमा, रेखा सहित स्कूल का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी और गणमान्य अभिभावक मौजूद रहे
