1. सत्संग और राष्ट्र सेवा ही जीवन का मूलाधार: विनय आर्य
2. सत्संग से बदलती है जीवन की दिशा और दशा: विनय आर्य
3. आर्य समाज एन.एच.-3 के हीरक जयंती समारोह का भव्य समापन
पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट/फरीदाबाद: मानव सेवा, वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार और समाज सुधार में समर्पित आर्य समाज एन.एच.-3 के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय भव्य हीरक जयंती समारोह का अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ।
समारोह के समापन दिवस पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ ब्रह्मा आचार्य विवेक दीक्षित के सान्निध्य में संपन्न हुए 75 कुण्डीय वृहद् यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं और आर्य जनों ने विश्व कल्याण, शांति एवं पर्यावरण शुद्धि की कामना के साथ आहुतियाँ डालीं। तत्पश्चात, सुविख्यात भजनोपदेशक आचार्य प्रदीप शास्त्री ने अपने मधुर एवं प्रेरणादायी भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
![]()
चार दिनों तक चले इस महोत्सव में देश के प्रख्यात वैदिक विद्वानों, संन्यासी वृंद और भजनोपदेशकों ने महर्षि दयानंद सरस्वती जी के सिद्धांतों और वेदों के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया।
समारोह के मुख्य वक्ता एवं दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा के महामंत्री विनय आर्य ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि श्रद्धापूर्वक सुने गए एक सत्संग ने ही मुंशीराम को ‘स्वामी श्रद्धानंद’ बना दिया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में आने वाले उतार-चढ़ावों के बीच एक सच्चा सत्संग व्यक्ति की दिशा और दशा दोनों बदल सकता है। बरेली में महर्षि दयानंद सरस्वती से हुई एक भेंट और धर्मपत्नी के निश्छल प्रेम व सेवा भाव ने उनके जीवन को ऐसा मोड़ा कि वे भोगी से योगी बन गए और राष्ट्र सेवा के लिए तिल-तिल कर जले।
उन्होंने आगे कहा कि महर्षि दयानंद ने राष्ट्र सेवा के मूलमंत्र के साथ आर्य समाज की स्थापना की थी, जिसने देश को अनगिनत स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक दिए। आज के युवाओं को स्वामी श्रद्धानंद के जीवन से सत्य, साहस और स्वावलंबन की प्रेरणा लेकर एक शिक्षित, नशामुक्त, समरस और आत्मनिर्भर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पत्रकार पंकज अरोड़ा को पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया तो वंही दूसरी और एन.आई.टी. विधायक सतीश फागना ने आर्य समाज एन.एच. तीन को 75वें वार्षिक उत्सव की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती और स्वामी श्रद्धानंद द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही हम एक स्वस्थ और संस्कारवान समाज का निर्माण कर सकते हैं।

गुरुकुल इंद्रप्रस्थ के प्रधानाचार्य आचार्य ऋषिपाल ने कहा कि 1875 में स्थापित आर्य समाज का भारतीय समाज के नवजागरण, शिक्षा के प्रसार, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समानता और कुरीतियों के उन्मूलन में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने माता-पिताओं से बच्चों को उत्तम संस्कार देने और युवाओं को सत्संग से जुड़कर चरित्र निर्माण करने का आग्रह किया। वहीं, आमंत्रित विद्वान आचार्य मोहन श्रुतबंधु ने वैदिक जीवन पद्धति को अपनाकर राष्ट्र की उन्नति में योगदान देने की बात कही।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एन आई टी विधायक सतीश फागना, विशिष्ट अतिथि मनोज नासवा पार्षद (वार्ड नं. 16) व पत्रकार पंकज अरोड़ा, सदस्य वित्त समिति, नगर निगम फरीदाबाद), समाजसेवी विपिन विरमानी, मुख्य यजमानों, विद्वानों एवं विभिन्न आर्य समाजों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को ‘ओउम् पट्टिका’ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देशबंधु आर्य ने सभी आगंतुकों का अभिनंदन किया। मंच का कुशल संचालन जितेंद्र सरल ने किया, जबकि धर्मवीर शास्त्री ने आयोजन को सफल बनाने के लिए समस्त कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कुन्दन लाल खत्री, जयकिशन बडेसरा, जगदीश सिंह, गुरुचरण अरोड़ा, रामपुकार आर्य, वसु मित्र सत्यार्थी, योगेंद्र फोर, संजय सेतिया, जगदीश विरमानी, आनंद मेहता, योगाचार्य देवराज, आचार्य सुशील शास्त्री, सत्य प्रकाश अरोड़ा, आचार्य सतीश सत्यम, पंडित जयदेव शर्मा, अजीत आर्य, सुरेश गुलाटी, माता यज्ञनंदा, रमेश मेहता, सरला गुप्ता, सुषमा भाटिया, सन्तोष तनेजा, सन्तोष मदान, पुष्पा आहूजा, रेणु शर्मा, ऊषा गिरधर, रुक्मणी टुटेजा, संघमित्रा कौशिक, सुदेश मनचंदा, पुष्पा आहूजा, प्रतिभा यति सहित अनेक गणमान्य नागरिक व विभिन्न आर्य समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
