KhabarNcr

राजेश नागर ने राज्य मंत्री के स्वतंत्र प्रभार के साथ संभाला कार्यालय

पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट फरीदाबाद: 18 अक्टूबर, तिगांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए राजेश नागर को नवगठित हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाने के बाद आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें उनके कार्यालय में प्रवेश कराया और आशीर्वाद दिया। सैनी ने नागर का मुंह मीठा कर जन सेवा करने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री अनिल विज एवं कृष्ण लाल पवार भी मौजूद रहे। 

अब से राज्य मंत्री राजेश नागर के कार्यालय का पता चंडीगढ़ सचिवालय की नौवीं मंजिल पर कमरा नंबर 47 होगा। पदभार संभालने पर राजेश नागर ने कहा कि वह तिगांव की देव तुल्य जनता के सहयोग से विधानसभा चंडीगढ़ पहुंचे हैं वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आशीर्वाद से मंत्रालय का हिस्सा बने हैं। इसके लिए वह सभी का आभार व्यक्त करते हैं और भविष्य में जो भी विभाग प्राप्त होगा उसमें बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

नागर ने कहा कि विधायक हो या मंत्री पद हो, मेरे लिए दोनों ही जन सेवा का माध्यम हैं। बेशक मंत्रिमंडल का हिस्सा होने पर अधिक शक्तियां प्राप्त होती हैं जिससे लोगों की और अधिक सेवा करना संभव होता है। नागर ने कहा यह भारतीय जनता पार्टी है जिसमें आम कार्यकर्ता भी संगठन और सरकार का नेतृत्व कर सकता है। आज हमारे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हों या उनसे पूर्ववर्ती मनोहर लाल मुख्यमंत्री रहे l, सभी आम परिवारों से आए हुए हैं। लेकिन भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाने वाले कार्यकर्ता रहे। उनकी पारखी नजर ने मेरे जैसे आम कार्यकर्ताओं को पहले विधानसभा और अब मंत्रिमंडल में पहुंचा कर तिगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता पर उपकार किया है। मैं क्षेत्र की जनता का विकास कार्य करवा कर धन्यवाद व्यक्त करूंगा और अपनी पार्टी के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। मैं उन्हें कभी भी निराश नहीं करूंगा।

नागर को बधाई देने वालों में तिगांव विधानसभा क्षेत्र एवं फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। जल्द ही नागर को उनके विभाग मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा दिए जाएंगे। इसके बाद वह अपने विभागों का कार्यभार संभाल कर पूरे राज्य में भाजपा की नीति अनुसार विकास में सहयोग देंगे।

राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार चुनकर बता दिया है कि वह विकास को पसंद करते हैं। हरियाणा की जनता ने तीसरी बार भाजपा की सरकार को चुनकर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है। अब से पहले लोग कहते थे कि कोई भी सरकार यहां तीसरी बार सत्ता में नहीं आती है। जनता ने भाई भतीजावाद, जातिवाद, भेदभाव की नीतियों को दरकिनार कर भाजपा की अंत्योदय, बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरियां और सब का साथ सबका विकास, हरियाणा एक हरियाणवी एक नीतियों पर विश्वास कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अपनी सहमति दी है। जिसका हम सभी स्वागत करते हैं और भविष्य में जोरदार विकास करके एक बार फिर जनता के फैसले को सही साबित करेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like

You cannot copy content of this page