पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट/फरीदाबाद: मार्केट नंबर-1 स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर में तुलसी विवाह पूजन श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। तुलसी माता को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार चुनरी ओढ़ाई गई और विवाह की सभी रस्में पूरे विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न कराई गईं। इस अनुष्ठान में तुलसी माता की ओर से अमित नरूला एवं उनकी धर्म-पत्नी अर्चना नरूला व् शालीग्राम जी की ओर से कुमार शाश्वत एवं उनकी धर्म-पत्नी रानी सिंह द्वारा हवन व् पूजा की गई|

इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। आगे मंदिर के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि तुलसी विवाह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और हमारी गहरी आस्था का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि तुलसी माता को हिंदू धर्म में विशेष स्थान प्राप्त है और तुलसी विवाह का पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, परिवार में सुख-समृद्धि तथा धार्मिक मूल्यों को बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि मंदिर में समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक आयोजन करवाने का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने आयोजन में शामिल हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
![]()

इस मौके पर बंसी लाल कुकरेजा, अनिल चावला, रिंकल भाटिया, सचिन भाटिया, जान्हवी भाटिया, प्रीतम भाटिया, रविंदर गुलाटी, प्रवेश अरोड़ा, आशीष अरोड़ा, अरविन्द शर्मा, व् अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

