KhabarNcr

फरीदाबाद का स्वर्णिम काल शुरू हो रहा है: विपुल गोयल 

पंकज अरोड़ा की रिपोर्ट फ़रीदाबाद: नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने सोमवार को एक प्रशासनिक समारोह में अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जिस प्रकार प्रवीण बत्रा जोशी ने 3 लाख 16 हजार 851 मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पूरे देश में रिकॉर्ड बनाया है, उसी प्रकार वे फरीदाबाद के विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में अब नगर निगम को भी विकास का तीसरा इंजन मिलेगा, जिससे फरीदाबाद में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य होंगे।

ट्रिपल इंजन सरकार से विकास को मिलेगी रफ्तार

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद के विकास के लिए एक सशक्त टीम तैयार हुई है, जिसमें शहरी स्थानीय निकाय मंत्री, मेयर और सभी विधायक शामिल हैं। यह टीम एकजुट होकर फरीदाबाद को नए ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगी और आज मेयर प्रवीण जोशी के पदभार ग्रहण के साथ फरीदाबाद का स्वर्णिम समय शुरू हो गया है। उन्होंने सभी 46 पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि जो पार्षद दूसरे सिंबल से जीत कर आए हैं उन सब को भी मिलकर समर्पित भाव से शहर के विकास के लिए कार्य करना होगा। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी सभी को साथ लेकर समान विकास सुनिश्चित करेंगी, जिससे फरीदाबाद में एक नया इतिहास लिखा जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री चौ. कृष्ण पाल गुर्जर, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री राजेश नागर, पूर्व मंत्री एवं वल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर निगम आयुक्त ए. मोना श्रीनिवास समेत प्रशासनिक अधिकारी भी इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बने।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मेयर प्रवीण बत्रा जोशी को बधाई दी और उनके नेतृत्व में फरीदाबाद के विकास की नई संभावनाओं पर विश्वास व्यक्त किया।

You might also like

You cannot copy content of this page